चेन्नई, 25 अगस्त (भाषा) अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (एएमएमके) प्रमुख टीटीवी दिनाकरन ने मंगलवार को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से सत्तारूढ़ तमिल मुनेत्र कषगम (टीवीके) के खिलाफ लगाए गए विधायकों के खरीद-फरोख्त के आरोपों के संबंध में उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया।
उन्होंने मन्नारगुड़ी के विधायक एस कामराज को अयोग्य ठहराने की भी मांग की। कामराज को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके के समर्थन में बयान देने के कारण एएमएमके से निष्कासित कर दिया गया था।
दिनाकरन ने इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष जे सी प्रभाकर को याचिका सौंपकर संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत कामराज के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
दिनाकरन ने कहा, ‘‘मैंने राज्यपाल से यह जांच शुरू करने का आग्रह किया है कि विधायकों/सांसदों की खरीद-फरोख्त और राजनीतिक दलबदल के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी क्यों दर्ज नहीं की।’’
दिनाकरन ने यहां लोक भवन में आर्लेकर से मुलाकात के बाद संवाददाताओं के समक्ष दावा किया कि विधायक सत्ता और धन के प्रलोभन में टीवीके के पक्ष में चले गए, जो जनादेश के खिलाफ है।
दिनाकरन ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपकर सभी घटनाओं की जांच करने का आग्रह किया है, विशेष रूप से आठ मई के बाद हुई घटनाओं की, जब कामराज के कथित तौर पर टीवीके के समर्थन में आने की बात सामने आई थी।
‘खरीद-फरोख्त की राजनीति’’ को रोकने के लिए अधिकारियों द्वारा आवश्यक कदम नहीं उठाए जाने पर नाराजगी जताते हुए दिनाकरन ने कहा, ‘‘मैंने राज्यपाल से इन गतिविधियों पर रोक लगाने और इस तरह की राजनीतिक जोड़-तोड़ में शामिल लोगों का असली चेहरा उजागर करने की अपील की है।’’
भाषा
राखी माधव
माधव