मार्च 2027 तक जोधपुर से हरिद्वार के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू होगी: वैष्णव

Ads

मार्च 2027 तक जोधपुर से हरिद्वार के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू होगी: वैष्णव

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 10:28 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 10:28 PM IST

जोधपुर, 22 मई (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि यात्रियों की मांग को देखते हुए जोधपुर और हरिद्वार के बीच सीधी ट्रेन सेवा मार्च 2027 तक शुरू कर दी जाएगी।

रेल मंत्री जोधपुर में 20 कोच वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन करने आए थे। यह ट्रेन मौजूदा आठ कोच वाली ट्रेन की जगह लेगी।

वैष्णव ने कहा कि पर्यटकों और नियमित यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए 20 कोच वाली नयी ट्रेन शुरू की जा रही है।

वैष्णव ने कहा, ‘‘लगातार बढ़ती मांग के आधार पर, हमने इसकी क्षमता 8 कोच से बढ़ाकर 20 कोच कर दी है।’’

उन्होंने बताया कि जोधपुर में वंदे भारत स्लीपर और अन्य ट्रेन के लिए एक कोचिंग टर्मिनल स्थापित किया जाएगा, जिससे पश्चिमी राजस्थान में ट्रेन सेवाओं को बढ़ाने में मदद मिलेगी।

वैष्णव ने साबरमती-जोधपुर ट्रेन सेवा को जैसलमेर तक विस्तारित करने और वहां एक कोचिंग रखरखाव डिपो का उद्घाटन करने की भी घोषणा की।

वंदे भारत के उद्घाटन समारोह में एकत्रित हुए स्थानीय नेताओं ने जब जोधपुर से हरिद्वार के लिए सीधी ट्रेन की मांग की तो वैष्णव ने उन्हें आश्वासन देते हुए कहा कि वह इस आवश्यकता से अवगत हैं और मार्च 2027 तक सेवा शुरू करने के लिए काम जारी है।

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल