नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में एंटी-स्मॉग गन और पानी के छिड़काव करने वाली मशीनों की तैनाती की समीक्षा की। सिरसा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सर्दियों के मौसम से पहले धूल प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए इनका समय पर और प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाए।
सिरसा ने पर्यावरण विभाग, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के वरिष्ठ अधिकारियों तथा नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में धूल प्रदूषण कम करने के उपायों की तैयारियों का जायजा लिया गया।
सिरसा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आज पर्यावरण विभाग, एमसीडी और पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारियों तथा नोडल अधिकारियों के साथ एंटी-स्मॉग गन और पानी के छिड़काव वाली मशीनों की तैनाती को लेकर समीक्षा बैठक की गई। दिल्ली की हवा को स्वच्छ और बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाए गए।’
उन्होंने कहा, ‘बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि सभी मशीनों की समय पर और प्रभावी तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि धूल पर प्रभावी नियंत्रण हो सके और प्रदूषण कम करने के प्रयासों को और गति मिल सके।’
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश