ईडी ने लोढ़ा डेवलपर्स के पूर्व निदेशक राजेंद्र लोढ़ा की 270 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की

Ads

ईडी ने लोढ़ा डेवलपर्स के पूर्व निदेशक राजेंद्र लोढ़ा की 270 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 09:51 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 09:51 PM IST

नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को कहा कि उसने महाराष्ट्र स्थित रियल एस्टेट कंपनी लोढ़ा डेवलपर्स के पूर्व निदेशक राजेंद्र लोढ़ा के खिलाफ धनशोधन की जांच के तहत 270 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की भूमि और अन्य अचल संपत्तियों को कुर्क किया है।

ईडी ने एक बयान में कहा कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत 26 मार्च को इन संपत्तियों को कुर्क करने का अंतरिम आदेश जारी किया गया था। ईडी ने बयान में कहा कि इन संपत्तियों का मूल्य 271.48 करोड़ रुपये है। बयान में कहा गया है कि इसमें महाराष्ट्र के पनवेल और शाहपुर तालुकों में स्थित जमीन के टुकड़े भी शामिल हैं।

ईडी ने फरवरी में लोढ़ा को गिरफ्तार किया था और वह वर्तमान में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।

ईडी का धन शोधन का मामला मुंबई पुलिस द्वारा लोढ़ा के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है, जिसमें उन पर धोखाधड़ी, पद का दुरुपयोग, संपत्तियों की अनधिकृत बिक्री और फर्जी दस्तावेज बनाकर लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड को गलत तरीके से नुकसान पहुंचाने का आरोप है।

एजेंसी ने कहा कि राजेंद्र नरपतमल लोढ़ा उर्फ ​​राजेंद्र लोढ़ा, लोढ़ा डेवलपर्स के कोष और संपत्तियों के ‘हेरफेर’ और ‘गबन’ में शामिल थे।

एजेंसी का आरोप है कि उन्होंने निदेशक मंडल की मंजूरी के बिना, कंपनी के स्वामित्व वाली अचल संपत्तियों को ‘कम मूल्य’ पर उनसे जुड़ी प्रॉक्सी संस्थाओं और व्यक्तियों को ‘अनधिकृत’ रूप से बेचकर और हस्तांतरित करके ऐसा किया।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप

दिलीप