ईडी मुझे बदनाम करने के लिए निशाना बना रही, आरोपों का कानूनी रूप से सामना करूंगा: तमिलनाडु के मंत्री

Ads

ईडी मुझे बदनाम करने के लिए निशाना बना रही, आरोपों का कानूनी रूप से सामना करूंगा: तमिलनाडु के मंत्री

  •  
  • Publish Date - December 9, 2025 / 10:35 AM IST,
    Updated On - December 9, 2025 / 10:35 AM IST

चेन्नई, नौ दिसंबर (भाषा) तमिलनाडु के मंत्री के एन नेहरू ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पर उन्हें बदनाम करने के लिए लगातार निशाना बनाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह कानूनी रूप से आरोपों का सामना करेंगे।

नगर प्रशासन और जल आपूर्ति विभाग (जो उनके पास है) में 1,020 करोड़ रुपये की रिश्वतखोरी और निविदा से जुड़े घोटाले के आरोप का जवाब देते हुए नेहरू ने ईडी की निंदा की और आरोप लगाया कि वह विपक्षी दलों के साथ मिल गया है जो द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की उपलब्धियों को बर्दाश्त नहीं कर सकते और इसलिए उन्हें ‘‘बदनाम’’ करने के लिए ‘‘लगातार निशाना बना रहे हैं।’’

मंत्री ने सोमवार को यहां एक बयान में कहा, ‘‘मैं कानून के अनुसार इसका सामना करूंगा। यह निंदनीय है कि प्रवर्तन विभाग विपक्षी दलों के साथ शामिल हो गया है, जो द्रमुक सरकार की उपलब्धियों को बर्दाश्त नहीं कर सकते और लगातार मुझे निशाना बना रहा है। वह मुझे बदनाम कर रहा है।’’

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उनके विभाग द्वारा 24,752 किलोमीटर सड़कें बनाई गईं और 1.22 करोड़ से अधिक लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने हेतु परियोजनाओं का क्रियान्वयन किया गया। उन्होंने कहा कि 77.28 लाख अन्य लोगों तक सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त परियोजनाएं भी प्रगति पर हैं।

नेहरू ने कहा, ‘‘द्रमुक सरकार की इन उपलब्धियों ने अन्ना द्रमुक-भाजपा गठबंधन की नींद उड़ा दी है। विशेष रूप से ये उपलब्धियां भाजपा के लिए बड़ा खतरा हैं।’’

उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय ने 2013 में लिए गए ऋण को लेकर उनके भाई के खिलाफ दर्ज मामले को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि कोई अपराध नहीं हुआ था। इसके बाद उच्च न्यायालय ने प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी को भी रद्द कर दिया है।

मंत्री ने बयान में कहा, ‘‘हालांकि, भाजपा बार-बार ईडी को दुष्प्रचार में शामिल होने के लिए मजबूर कर रही है। मैं अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों का कानून के मुताबिक सामना करूंगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम लोगों की सेवा करने आए हैं और ईडी या केंद्र सरकार के राजनीति से प्रेरित बदनाम करने के अभियान से नहीं डरेंगे।’’

भाषा गोला सिम्मी

सिम्मी