त्रिपुरा में जनगणना का पहला चरण शुरू, राज्यपाल ने स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की
त्रिपुरा में जनगणना का पहला चरण शुरू, राज्यपाल ने स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की
अगरतला, 17 जुलाई (भाषा) त्रिपुरा के राज्यपाल इंद्र सेना रेड्डी नल्लू ने शुक्रवार को पूर्वोत्तर राज्य में जनगणना के पहले चरण की शुरुआत के साथ ही स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
राज्यपाल ने देश के योजना निर्माण और विकास में जनगणना के आंकड़ों के महत्व पर जोर देते हुए लोगों से इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने और निर्धारित समय सीमा के भीतर स्व-गणना पूरी करने की अपील की।
नल्लू ने कहा कि जनगणना के आंकड़े स्कूलों और अस्पतालों की स्थापना से लेकर निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन तक, विभिन्न नीतिगत निर्णयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भी लोगों से उत्साहपूर्वक इस प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ‘मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे जनगणना के आंकड़े भरने में गणनाकारों का सहयोग करें। केंद्र सरकार इन्हीं आंकड़ों के आधार पर योजनाएं और नीतियां तैयार करती है।’
त्रिपुरा के जनगणना संचालन निदेशक रतन बिस्वास ने लोगों से आधिकारिक जनगणना पोर्टल पर जाकर स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ‘इस प्रक्रिया में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पिछले कई दिनों से पूरे राज्य में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।’
भाषा
राखी वैभव
वैभव

Facebook


