गुवाहाटी: गौरव गोगोई ने हिमंत विश्व शर्मा के परिवार पर 12,000 बीघा जमीन कब्जाने का आरोप लगाया

Ads

गुवाहाटी: गौरव गोगोई ने हिमंत विश्व शर्मा के परिवार पर 12,000 बीघा जमीन कब्जाने का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - February 4, 2026 / 06:29 PM IST,
    Updated On - February 4, 2026 / 06:29 PM IST

गुवाहाटी, चार फरवरी (भाषा) कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बुधवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और उनके परिवार ने राज्यभर में लगभग 12,000 बीघा (3,960 एकड़ से अधिक) जमीन पर कब्जा किया हुआ है।

गोगोई ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह भी दावा किया कि शर्मा ने भूमि घोटाले को “छिपाने” के लिए उनके (गोगोई के) कथित पाकिस्तानी संबंधों का मुद्दा उठाया था।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने जांच की है और इससे कुछ चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। मुख्यमंत्री और उनके परिवार ने असम भर में लगभग 12,000 बीघा जमीन पर कब्जा किया हुआ है। यह आंकड़ा अंतिम नहीं है, क्योंकि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में यह बढ़ सकता है।”

शर्मा द्वारा हाल ही में उनके (गोगोई के) कथित पाकिस्तानी संबंधों का जिक्र करने पर गोगोई ने कहा, “उन्होंने यह पिछले साल 10 सितंबर को क्यों नहीं किया? वह इन पांच महीनों से सो रहे थे और अचानक उन्हें मेरे पाकिस्तानी संबंधों की याद आ गई।”

मुख्यमंत्री ने पहले घोषणा की थी कि वह 10 सितंबर 2025 तक गोगोई के कथित पाकिस्तानी संबंधों से जुड़े सभी सबूत सार्वजनिक करेंगे।

लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता ने कहा, “उन्हें पता है कि हम उनके और उनके परिवार के भ्रष्टाचार व भूमि हड़पने के मामलों की फाइल तैयार कर रहे हैं। इसलिए उन्होंने यह मुद्दा फिर से उठाया। मैंने पहले कहा था कि यह ‘फ्लॉप शो’ होगा; मैं फिर से कह रहा हूं कि यह ‘फ्लॉप शो’ ही होगा।”

गोगोई के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

भाषा खारी सुरेश

सुरेश