रांची, 11 अप्रैल (भाषा) झारखंड के रांची जिले में 16-वर्षीय एक लड़की की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना कांके पुलिस थाना क्षेत्र में हुई।
रांची (ग्रामीण) पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पीड़िता का शव राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। लड़की के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि उसे पीट-पीटकर मारा गया है।’’
पुष्कर ने बताया कि पीड़िता पिछले चार वर्षों से कांके क्षेत्र में एक अधिकारी के घर में घरेलू सहायिका के रूप में रह रही थी।
एसपी ने कहा, ‘प्रारंभिक जांच में अधिकारी की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।’
पूछताछ करने पर आरोपी अधिकारी ने पुलिस को बताया कि लड़की की मौत बाथरूम में गिरने के कारण हुई थी।
पीड़िता के परिवार के सदस्यों के बयानों के आधार पर इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश