वैश्विक घटनाक्रम केंद्र के नियंत्रण से परे, जम्मू कश्मीर में जरूरी चीजों की कमी नहीं: उमर

Ads

वैश्विक घटनाक्रम केंद्र के नियंत्रण से परे, जम्मू कश्मीर में जरूरी चीजों की कमी नहीं: उमर

  •  
  • Publish Date - April 2, 2026 / 06:12 PM IST,
    Updated On - April 2, 2026 / 06:12 PM IST

जम्मू, दो अप्रैल (भाषा) मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम केंद्र सरकार और जनता दोनों के नियंत्रण से बाहर हैं और जम्मू कश्मीर की स्थिति काफी हद तक देश की समग्र स्थिति को दर्शाएगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में फिलहाल ईंधन सहित आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है और अगले 10 से 15 दिनों के लिए पर्याप्त भंडार हैं।

अब्दुल्ला अपने पिता और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के साथ पश्चिम एशिया संकट पर मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘देश के बाकी हिस्सों में जो भी स्थिति होगी, वही जम्मू कश्मीर में भी दिखेगी।’ उन्होंने कहा कि फिलहाल चिंता का कोई कारण नहीं है।

हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि यदि जारी संघर्ष लंबा चलता है और देश के अन्य हिस्सों में कमी होती है तो इसका प्रभाव केंद्र शासित प्रदेश तक भी फैल सकता है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई हालिया समीक्षा बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि यह आश्वासन दिया गया है कि कई स्रोतों के माध्यम से आपूर्ति कायम रखी जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘इस समय घबराने की कोई जरूरत नहीं है। अगर स्थिति में कोई बदलाव होता है तो हम जनता को सूचित करेंगे।’

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश