पणजी, 22 मई (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को जैव विविधता संरक्षण और टिकाऊ आजीविका के उद्देश्य से कई नयी हरित पहलों की घोषणा की, जिनमें नमक के मैदानों के संरक्षण के लिए वित्तीय सहायता और राजमार्गों के किनारे बड़े पैमाने पर बांस के पौधों के रोपण का अभियान शामिल हैं।
यहां अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर सावंत ने कहा कि राज्य में लगभग 50 नमक किसानों को पारंपरिक नमक के खेतों के संरक्षण के लिए एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में नमक के सभी खेतों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य की पीढ़ियों के लिए उनके संरक्षण को सुनिश्चित करने के वास्ते एक लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि बढ़ाने को तैयार है।
वहीं, एक अन्य पहल में, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य पांच जून से राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे 250 किलोमीटर तक बांस और अन्य पौधरोपण गतिविधियां करेगा।
उन्होंने कहा कि जैव विविधता प्रबंधन समितियां (बीएमसी) और स्वयं सहायता समूह पौधरोपण वाले क्षेत्रों का रखरखाव करेंगे, और वेतन सहित सभी खर्च सरकार वहन करेगी।
सावंत ने गोवा को देश के सबसे समृद्ध जैव विविधता वाले क्षेत्रों में से एक बताया और कहा कि राज्य में पक्षियों की लगभग 450 प्रजातियां पाई जाती हैं।
उन्होंने कहा कि जैव विविधता संरक्षण अधिनियम जैसे विधायी उपायों ने अनियंत्रित विकास से प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सावंत ने कहा, “प्रकृति की रक्षा करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।” उन्होंने राज्य की पारिस्थितिक संपदा के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों का भी आह्वान किया।
भाषा
प्रशांत नेत्रपाल
नेत्रपाल