सरकार ने बाल पुरस्कार के लिए नामांकन आमंत्रित किए

Ads

सरकार ने बाल पुरस्कार के लिए नामांकन आमंत्रित किए

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 05:10 PM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 05:10 PM IST

नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं।

पांच से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को दिए जाने वाले इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह पुरस्कार बहादुरी, समाज सेवा, पर्यावरण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बच्चों की असाधारण उपलब्धियों को मान्यता देता है और उनके ‘‘अद्वितीय धैर्य, साहस, सृजनात्मकता और अदम्य भावना’’ का सम्मान करता है।

मंत्रालय ने कहा कि यह पुरस्कार 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ के अवसर पर नयी दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाएगा।

बयान में कहा गया, ‘‘यह पुरस्कार राष्ट्रीय स्तर पर बच्चों के योगदान को मान्यता देकर युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित और प्रेरित करने तथा अन्य बच्चों को उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करने का माध्यम है।’’

मंत्रालय ने कहा कि पुरस्कार के लिए नामित बच्चों का भारतीय नागरिक और भारत का निवासी होना अनिवार्य है। साथ ही, 31 जुलाई 2026 तक उनकी आयु पांच से 18 वर्ष के बीच होनी चाहिए और उन्हें इससे पहले किसी भी श्रेणी में यह पुरस्कार प्राप्त नहीं हुआ होना चाहिए।

मंत्रालय ने कहा कि किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा नामांकन किया जा सकता है, जबकि बच्चे स्वयं भी अपना नामांकन कर सकते हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, राज्यपालों, उपराज्यपालों, सांसदों, मंत्रालयों, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सरकारों, जिलाधिकारियों तथा शैक्षणिक संस्थानों से भी अनुशंसाएं आमंत्रित की गई हैं।

आवेदकों से कहा गया है कि वे अपनी प्रविष्टियां व्यक्तिगत विवरण, पुरस्कार की श्रेणी, हालिया फोटो, सहायक दस्तावेजों तथा उपलब्धि और उसके प्रभाव का एक हजार शब्दों से अधिक नहीं का संक्षिप्त विवरण संलग्न करते हुए ‘अवार्ड्स डॉट जीओवी डॉट इन’ पोर्टल पर जमा करें।

भाषा हक हक धीरज

धीरज