अहमदाबाद, 10 नवंबर (भाषा) गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा ने मोरबी और करजन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में मंगलवार को जीत दर्ज की और विपक्षी कांग्रेस के उम्मीदवारों को इन सीटों पर हार का सामना करना पड़ा।
भाजपा अबडासा सीट पर पहले ही जीत दर्ज कर चुकी है।
मोरबी सीट पर कड़े मुकाबले में भाजपा के बृजेश मेर्जा ने कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जयंतीलाल पटेल को 4,649 मतों के अंतर से हराया।
मेर्जा को 64,711 वोट मिले, वहीं पटेल के खाते में 60,062 वोट आए।
वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव में मेर्जा ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था और भाजपा के पांच बार के विधायक कांतिलाल अमृतिया को हराया था।
वड़ोदरा जिले के करजन निर्वाचन क्षेत्र में पूर्व में कांग्रेस में रह चुके भाजपा के अक्षय पटेल ने कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कीर्तिसिंह जडेजा को 16,425 मतों के अंतर से हराया।
पटेल को जहां 76,958 मत मिले, वहीं जडेजा के खाते में 60,533 वोट आए।
भाषा
नेत्रपाल पवनेश
पवनेश