एकता नगर (गुजरात), 16 मई (भाषा) गुजरात में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के पास स्थित जंगल सफारी में जानवरों और पक्षियों को भीषण गर्मी से बचाने के लिए एयर कंडीशनर, पानी की फुहार (स्प्रिंकलर) और आइसक्रीम जैसी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
गुजरात के नर्मदा जिले में स्थित सरदार पटेल प्राणिउद्यान, जिसे लोकप्रिय रूप से जंगल सफारी के नाम से जाना जाता है, में भारत और विदेशों के 100 प्रजातियों के लगभग 1,500 जानवर और पक्षी हैं।
जंगल सफारी के निदेशक विपुल चक्रवर्ती ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष सुविधाओं की व्यवस्था की गई है कि अन्य देशों से लाए गए जानवरों को बढ़ते तापमान के कारण असुविधा का सामना न करना पड़े।
चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘गर्मी से जानवरों और पक्षियों को राहत देने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, और यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है कि अन्य देशों से लाए गए जानवरों को मौसम के कारण कोई परेशानी न हो। पर्यटकों के लिए विशेष शेड और शीतल पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।’’
अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न प्रजातियों की जरूरतों के अनुसार, कई बाड़ों में कूलर, पंखे और एसी लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पक्षी के बाड़ों और पिंजरों में वातावरण को ठंडा बनाए रखने के लिए लगातार पानी का छिड़काव का भी उपयोग किया जा रहा है।
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, विशेष ग्रीष्मकालीन आहार योजना के तहत, विदेशी प्रजातियों के जानवरों और पक्षियों को फलों का रस, फल और आइसक्रीम दिए जा रहे हैं, जबकि पक्षियों के आहार में पानी से भरपूर फलों को शामिल किया जा रहा है।
शनिवार को भी इलाके में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप