गुजरात: किराए के मकान में मेफेड्रोन बनाने की इकाई चलाने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
गुजरात: किराए के मकान में मेफेड्रोन बनाने की इकाई चलाने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
भरूच, 14 फरवरी (भाषा) गुजरात के भरूच जिले में किराए के मकान में मेफेड्रोन बनाने की इकाई चलाने के आरोप में रसायन विज्ञान में डिग्री हासिल करने वाले एक युवक (33 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मकान से 2.2 लाख रुपये मूल्य की मेफेड्रोन जब्त की है।
एक गुप्त सूचना के आधार पर, भरूच स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने शुक्रवार को अंकलेश्वर जीआईडीसी आवासीय क्षेत्र में स्थित सिद्ध कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी के मकान नंबर 301 से अनिल रखोलिया को गिरफ्तार किया।
पुलिस विभाग द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, एसओजी ने घर से 2.24 लाख रुपये मूल्य का 74.88 ग्राम मेफेड्रोन, एक मोबाइल फोन और मादक पदार्थ के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्ची माल और उपकरण जब्त किए।
आरोपी मूल रूप से जूनागढ़ जिले के विसावदर तालुका के वीरपुर गांव का रहने वाला है और अपने परिवार के साथ अंकलेश्वर में रह रहा था।
रसायन विज्ञान के साथ बीएससी कर चुके रखोलिया अंकलेश्वर की एक कंपनी में उत्पादन अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। झगड़िया के सहायक पुलिस अधीक्षक अजय मीना ने बताया कि अपनी शैक्षणिक पृष्ठभूमि का लाभ उठाते हुए उसने कथित तौर पर घर पर मादक पदार्थ बनाने का प्रयोग किया और सफल रहा।
पिछले छह महीनों में उसने अपने किराए के फ्लैट के बाथरूम में एक प्रयोगशाला स्थापित की थी और शेयर बाजार में कथित तौर पर हुए नुकसान के बाद मेफेड्रोन का उत्पादन शुरू कर दिया था।
पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और कच्चे माल के स्रोत और उसके ग्राहकों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मेफेड्रोन को ‘म्याऊ म्याऊ’ या ‘एम-कैट’ के नाम से भी जाना जाता है जिसका दुरुपयोग नशा के लिए किया जाता है।
भाषा तान्या संतोष
संतोष

Facebook


