गुरुग्राम: व्यक्ति ने तेज रफ्तार वाहन के बोनट पर बैठकर किया खतरनाक स्टंट, प्राथमिकी दर्ज

Ads

गुरुग्राम: व्यक्ति ने तेज रफ्तार वाहन के बोनट पर बैठकर किया खतरनाक स्टंट, प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 08:02 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 08:02 PM IST

गुरुग्राम, 30 जून (भाषा) गुरुग्राम में एमजी रोड पर सहारा मॉल के सामने तेज रफ्तार महिंद्रा बोलेरो गाड़ी के बोनट पर बैठकर एक युवक के खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि इस मामले के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

उन्होंने बताया, “मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी की पहचान कर ली है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”

गुरुग्राम के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में से एक एमजी रोड पर यह घटना हुई।

इस सड़क पर बार, शॉपिंग मॉल आदि होने के कारण हमेशा भीड़-भाड़ रहती है।

वायरल वीडियो में वाहन की रफ्तार तेज दिख रही है जबकि युवक बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के बोनट पर खतरनाक तरीके से बैठा हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि संभावित दुर्घटना से बचने के लिए अन्य वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां धीमी कर ली थीं।

वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई और अधिकारियों से इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा चालान जारी करने की मांग की।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर वाहन के पंजीकरण नंबर का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया, “पुलिस वाहन के मालिक की पहचान के लिए सहारा मॉल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच कर रही है।”

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश

शीर्ष 5 समाचार