केरल में भारी बारिश का कहर जारी; राहत शिविर खोले गए, पांच जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’

Ads

केरल में भारी बारिश का कहर जारी; राहत शिविर खोले गए, पांच जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट'

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 10:07 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 10:07 PM IST

तिरुवनंतपुरम, पांच अगस्त (भाषा) केरल के कई हिस्सों में बुधवार को मूसलाधार बारिश जारी रही, जिससे बड़े पैमाने पर जलभराव हो गया और सड़कें जलमग्न हो गईं।

अधिकारियों ने बताया कि और अधिक राहत शिविर खोले गए हैं तथा निचले इलाकों के निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

पत्तनमथिट्ठा, अलाप्पुझा और कोट्टयम के दक्षिणी जिलों में बारिश का कहर जारी रहा, जहां लगातार हो रही बौछारों के कारण सामान्य जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।

इन जिलों के कई जलमग्न इलाकों में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को घुटने तक भरे पानी से होकर जाते देखा गया।

कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी भरा रहने और कई घरों में पानी जमा रहने के कारण और भी अधिक निवासियों को राहत शिविरों में ले जाया गया।

अधिकारियों ने कहा कि भारी बारिश जारी रहने के मद्देनजर सुरक्षित निकाले गए लोगों को ठहराने के लिए अतिरिक्त राहत शिविर बनाए गए हैं।

कोझिकोड और कन्नूर के उच्च पहाड़ी इलाकों सहित उत्तरी जिलों के कई हिस्सों में भी व्यापक वर्षा दर्ज की गई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने केरल के पांच जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जबकि ‘भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र’ (आईएनसीओआईएस) ने राज्य के दक्षिणी तट के कुछ हिस्सों में ऊंची लहरें उठने और तटवर्ती इलाकों में समुद्र का पानी घुसने की चेतावनी दी है।

आईएमडी ने पत्तनमथिट्ठा, कोट्टयम, इडुक्की, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

मौसम विभाग ने कहा कि बृहस्पतिवार को यह अलर्ट पत्तनमथिट्ठा, अलाप्पुझा, कोट्टयम, इडुक्की, एर्नाकुलम, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए लागू रहेगा।

आईएमडी ने बताया कि शुक्रवार के लिए मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।

मौसम एजेंसी के अनुसार, राज्य में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि छह और सात अगस्त को चुनिंदा स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की उम्मीद है।

आईएनसीओआईएस ने ‘कल्लाक्कडाल’ नामक समुद्री स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की है, जिसमें समुद्र में अचानक ऊंची और उग्र लहरें उठती हैं, जिससे तटीय इलाकों में बाढ़ आ सकती है। ‘कल्लाक्कडाल’ समुद्र की एक ऐसी स्थिति है जिसमें बिना किसी स्थानीय तूफान या हवा के अचानक समुद्र में बहुत ऊंची और उग्र लहरें उठने लगती हैं और तटों पर बाढ़ आ जाती है।

यह चेतावनी तिरुवनंतपुरम जिले में कप्पिल से पोझियूर, कोल्लम जिले में अलप्पड से एडवा, और अलाप्पुझा जिले में चेल्लानम से अझिक्कल जेट्टी तक के तटीय पट्टी के लिए जारी की गई है।

आईएनसीओआईएस ने बृहस्पतिवार दोपहर 2.30 बजे तक कन्याकुमारी तट पर 1.2 मीटर से 1.6 मीटर तक ऊंची लहरें उठने और समुद्र के पानी के अंदरूनी इलाकों में प्रवेश करने की चेतावनी दी है।

अधिकारियों ने मछुआरों, तटीय निवासियों और आम जनता को सतर्क रहने तथा चेतावनी की अवधि के दौरान संवेदनशील तटीय क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है।

इन चेतावनियों के मद्देनजर, केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) ने मछुआरों और तटीय निवासियों को सतर्क रहने, आईएनसीओआईएस की चेतावनी वापस लिये जाने तक समुद्र तटों तथा पर्यटन गतिविधियों से दूर रहने और संभावित रूप से तटों की मिट्टी बहने के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी है।

लगातार हो रही बारिश के बीच, केएसडीएमए ने भूस्खलन, पहाड़ों से मलबे एवं कीचड़ के बहाव और अचानक आने वाली बाढ़ के प्रति संवेदनशील पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों से दिन के समय सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

प्राधिकरण ने बाढ़ की आशंका वाले निचले इलाकों के निवासियों को स्थानीय स्थिति का आकलन करने के बाद राहत शिविरों में जाने की सलाह भी दी है।

लोगों को भारी बारिश के दौरान नहाने, मछली पकड़ने या किसी अन्य उद्देश्य से नदियों और अन्य जल स्रोतों में न जाने की सलाह दी गई है।

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जनता से अपील की है कि तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम की चेतावनी वापस लिये जाने तक झरनों, जलाशयों और पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर जाने से बचें।

प्राधिकरण ने वाहन चालकों को पानी के स्रोतों के पास की सड़कों और मरम्मत के काम से गुजरने वाले रास्तों पर यात्रा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि भारी बारिश के दौरान दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

लोगों को सलाह दी गई है कि वे नजारों को देखने या सेल्फी लेने के लिए नदियों या जल निकायों के ऊपर बने पुलों पर इकट्ठा न हों, जबकि पहाड़ी इलाकों में रात के समय यात्रा करने से बचना चाहिए।

प्राधिकरण ने तेज हवाओं के कारण उखड़े पेड़ों और क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों से होने वाले हादसों के प्रति भी चेतावनी दी है।

भारी बारिश के कारण इडुक्की और कोट्टायम समेत बारिश से प्रभावित 10 जिलों के शैक्षणिक संस्थान बुधवार को बंद रहे।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश