हिमाचल: सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाली फेसबुक पोस्ट को लेकर ऋण घोटाले का आरोपी गिरफ्तार

Ads

हिमाचल: सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाली फेसबुक पोस्ट को लेकर ऋण घोटाले का आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 6, 2026 / 12:38 AM IST,
    Updated On - June 6, 2026 / 12:38 AM IST

शिमला, पांच जून (भाषा) कांगड़ा कोऑपरेटिव बैंक से जुड़े 20 करोड़ रुपये के ऋण घोटाले में मुख्य आरोपी एवं व्यवसायी युद्धवीर सिंह बैंस को सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाली सोशल मीडिया सामग्री पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, बोइलूगंज पुलिस थाने में एक शिकायत प्राप्त हुई थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि बैंस ने फेसबुक पर एक वीडियो साझा किया था जिसमें विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने वाली सामग्री थी।

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विश्वस्त रहे बैंस ने पहले आरोप लगाया था कि पुलिस कुछ उच्च पदों पर बैठे लोगों के निर्देश पर उसका अपहरण करने की कोशिश कर रही है।

बैंस ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने उसे इसलिए निशाना बनाया क्योंकि उसने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बैंस के खिलाफ मिली शिकायत में कहा गया है कि उसके द्वारा साझा किए गए वीडियो में एक विशेष समुदाय को लक्षित करते हुए टिप्पणियां और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया है।

उन्होंने बताया कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 299 और 353(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था, और बाद में बैंस को नोटिस भेजा गया तथा जांच में शामिल होने का निर्देश दिया गया, लेकिन उसने सहयोग करने से इनकार कर दिया।

भाषा तान्या सुभाष

सुभाष