कोझिकोड (केरल), 13 जून (भाषा) राज्य के कोझिकोड में निपाह वायरस का मामला सामने आने के बाद शनिवार को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की एक टीम यहां पहुंची। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि मरीज के तीन करीबी रिश्तेदारों की जांच में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई।
सरकार की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आईसीएमआर की टीम ने राजस्व मंत्री ए.पी. अनिल कुमार से बातचीत की, जो जिले के प्रभारी भी हैं।
चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम ने निपाह वायरस के मामले और विषाणु को और फैलने से रोकने के लिए किए जा रहे उपायों के बारे में डॉक्टरों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बातचीत भी की।
अधिकारियों ने बताया कि टीम के कुछ दिनों तक जिले में रहने की उम्मीद है।
उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) के विशेषज्ञ भी जिले का दौरा करेंगे।
मंत्री अनिल कुमार ने शनिवार को निपाह की स्थिति पर समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मरीज और उसके संपर्क में आए लोगों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करें।
यह बैठक जिला कलेक्टर एम.एस. माधवीकुट्टी के कक्ष में हुई।
सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, मंत्री ने मरीज और उनके संपर्क में आए लोगों के बारे में जानकारी मांगी और अधिकारियों को सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाओं, उपकरणों और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निपाह के पिछले प्रकोप के दौरान अपनाए गए एहतियाती उपायों को जारी रखा जाए।
जिला कलेक्टर ने बैठक में जानकारी दी कि प्रोटोकॉल के अनुसार सभी उपायों को सख्ती से लागू किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मरीज के तीन करीबी रिश्तेदारों की जांच की गई और उनमें संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि स्वास्थ्यकर्मी प्रभावित इलाके में घरों का दौरा कर रहे हैं ताकि स्थिति का जायजा लिया जा सके और निगरानी का काम किया जा सके।
भाषा
प्रशांत पवनेश
पवनेश