झामुमो की यदि सत्ता में वापसी हुई तो घुसपैठिये झारखंड में 5-10 वर्षों में बहुसंख्यक हो जाएंगे:शिवराज

Ads

झामुमो की यदि सत्ता में वापसी हुई तो घुसपैठिये झारखंड में 5-10 वर्षों में बहुसंख्यक हो जाएंगे:शिवराज

  •  
  • Publish Date - September 24, 2024 / 10:33 PM IST,
    Updated On - September 24, 2024 / 10:33 PM IST

रांची, 24 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को आरोप लगाया कि यदि झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन राज्य की सत्ता में लौटता है तो राज्य में विदेशी घुसपैठियों को बहुसंख्यक होने से कोई नहीं रोक सकेगा।

चौहान ने बोकारो में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘परिवर्तन’ रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि केवल भाजपा ही राज्य की ‘बेटी, माटी और रोटी’ की रक्षा कर सकती है, जिसे घुसपैठियों से गंभीर खतरा है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘यदि झारखंड में झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन फिर से सत्ता में आया, तो वह दिन दूर नहीं जब घुसपैठिए यहां राज करेंगे… आने वाले 5-10 सालों में झारखंड में विदेशी घुसपैठियों को बहुसंख्यक बनने से कोई नहीं रोक सकता।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठिए स्थानीय महिलाओं से शादी करके जमीन हड़प रहे हैं।

झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उनका न केवल ‘वोट बैंक की राजनीति’ के लिए स्वागत किया जा रहा है, बल्कि उन्हें आधार कार्ड भी दिए जा रहे हैं।

सिपाहियों की भर्ती के दौरान हुई मौतों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए चौहान ने कहा, ‘‘क्या आपने कभी किसी अन्य स्थान पर शारीरिक परीक्षा के दौरान 16-17 अभ्यर्थियों की मौत के बारे में सुना है? हेमंत सोरेन सरकार ने सत्ता में आने पर 5 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन चार साल और दस महीने में कुछ नहीं किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब जब चुनाव नजदीक हैं, तो वे विभिन्न योजनाओं की घोषणा कर रहे हैं। हमारे बच्चे आंखों में सपने लिए आबकारी कांस्टेबल के लिए दौड़ने गए लेकिन उनकी माताओं को वे कफन में लपेटे हुए मिले।’’

राज्य की ‘मंईयां सम्मान योजना’ का जिक्र करते हुए कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो सहायता राशि दोगुनी कर दी जाएगी।

उन्होंने यह भी वादा किया कि अगर पार्टी सत्ता में आती है तो सरकार में 2.87 लाख रिक्त पदों को भरा जाएगा।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 20 सितंबर को ‘परिवर्तन यात्रा’ शुरू की, जो 24 जिलों के 81 विधानसभा क्षेत्रों में 5,400 किलोमीटर की यात्रा करेगी और 2 अक्टूबर को समाप्त होगी।

इस कार्यक्रम में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री सहित भाजपा के लगभग 50 वरिष्ठ नेताओं के भाग लेने की उम्मीद है।

भाषा

अमित पवनेश

पवनेश