पंजाब में आप सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं पर पुलिस ने पानी की बौछार की

Ads

पंजाब में आप सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं पर पुलिस ने पानी की बौछार की

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 04:19 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 04:19 PM IST

चंडीगढ़, छह मार्च (भाषा) पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के तहत राज्य विधानसभा का घेराव करने के लिए अवरोधक तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार का इस्तेमाल किया।

पुलिस ने सेक्टर 15 स्थित पंजाब कांग्रेस कार्यालय के बाहर अवरोधक लगा दिए थे, ताकि पार्टी कार्यकर्ताओं को विधानसभा की ओर जाने से रोका जा सके।

कांग्रेस ने भगवंत मान सरकार पर चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए विधानसभा के ‘घेराव’ का आह्वान किया था।

विधानसभा की ओर मार्च करने से पहले, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मान सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया।

कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने जब विधानसभा की ओर बढ़ने के लिए अवरोधक तोड़ने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार का इस्तेमाल किया।

पानी की तेज बौछार से कई प्रदर्शनकारियों की पगड़ी उड़ गई। विधानसभा की ओर बढ़ने से रोके जाने के बाद वडिंग और अन्य पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए।

वडिंग ने पत्रकारों के साथ बातचीत में आरोप लगाया कि मान सरकार हर मोर्चे पर ‘‘पूरी तरह विफल’’ रही है और पंजाब के लोगों को राज्य सरकार से कोई उम्मीद नहीं है।

कांग्रेस नेता संदीप संधू ने विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पानी की बौछार के इस्तेमाल पर चंडीगढ़ प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘हमें विधानसभा के बाहर अपनी आवाज उठाने का अधिकार है… हमारी आवाज को इस तरह दबाया नहीं जा सकता। यह लोकतंत्र की हत्या है।’’

विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक परगट सिंह समेत कई पार्टी नेता मौजूद थे।

भाषा

नेत्रपाल दिलीप

दिलीप