राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए समर्थित उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को समर्थन देने को लेकर महागठबंधन में उपजा विवाद अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हो पाया था कि एक और अहम मुद्दे पर नीतीश कुमार और लालू यादव एकराय नहीं है. यह अहम मसला है जीएसटी लॉन्च समारोह का. शुक्रवार को आधी रात को जीएसटी समारोह में लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल भाग नहीं लेगी लेकिन नीतीश की पार्टी इस समारोह का हिस्सा बनेगी. ऐसे में दोनों पार्टियों के बीच एक बार फिर से जुबानी जंग देखने को मिल सकती है.
नीतीश कुमार के कार्यालय की ओर से कहा गया है कि वह जीएसटी का समर्थन करेंगे. इतना ही नहीं, यूपीए शासनकाल में भी जेडीयू जीएसटी के पक्ष में थी. आपको बता दें कि कई विपक्षी पार्टियों ने आज रात संसद में आयोजित होने वाले जीएसटी समारोह का बहिष्कार कर दिया है. इस समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को आमंत्रित किया गया था लेकिन कांग्रेस के समारोह में शामिल न होने से वे भी इसमें हिस्सा नहीं लेंगे. कांग्रेस का कहना है कि व्यापारी अभी इस बड़े कर सुधार के लिए पूरी तरह से तैयार नहीं है और इसलिए सरकार को इसका क्रियान्वयन फिलहाल टाल देना चाहिए… कांग्रेस का यह भी कहना है कि जीएसटी समारोह संसद की गरिमा के खिलाफ है।