भारत और रूस ने पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा की

Ads

भारत और रूस ने पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा की

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 08:55 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 08:55 PM IST

नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) भारत और रूस ने पश्चिम एशिया संकट तथा इसके आर्थिक नतीजों के मद्देनजर अपनी घनिष्ठ रणनीतिक साझेदारी को और विस्तार देने के तरीकों पर सोमवार को विचार-विमर्श किया।

पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष का मुद्दा रूसी उप विदेश मंत्री एंड्री रुडेंको की नयी दिल्ली में हुई बैठकों में प्रमुखता से उठा। विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ भी उनकी बैठक हुई।

जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘रूस के उप विदेश मंत्री एंड्री रुडेंको से मिलकर अच्छा लगा। हमने अपने व्यापक सहयोग को और आगे बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्रीय एवं वैश्विक घटनाक्रम पर भी चर्चा की।’’

सूत्रों ने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संकट पर भी चर्चा हुई। रुडेंको ने विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ भारत-रूस विदेश कार्यालय परामर्श की सह-अध्यक्षता भी की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के संपूर्ण दायरे की समीक्षा की एवं पारस्परिक हित के द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।’’

माना जाता है कि दोनों पक्षों ने पिछले साल दिसंबर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई शिखर वार्ता में लिए गए निर्णयों के कार्यान्वयन की समीक्षा की।

दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत के बाद, भारत और रूस ने कई उपायों की घोषणा की, जिनमें एक मजबूत आर्थिक साझेदारी बनाने तथा 2030 तक वार्षिक व्यापार को 100 अरब अमेरिकी डॉलर तक बढ़ाने के लिए पांच साल का खाका शामिल है।

भाषा आशीष नेत्रपाल

नेत्रपाल