चंडीगढ़, 10 जून (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को नरेन्द्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में विकास, सुशासन और जन-कल्याण के काम हुए हैं।
पहली बार 26 मई, 2014 को प्रधानमंत्री पद संभालने वाले मोदी, भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के लगातार 4,398 दिनों तक पद पर रहने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर, देश के सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।
सैनी ने प्रधानमंत्री मोदी के बारे में ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक पत्र में कहा, ‘इन 12 वर्षों में, 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं और सपनों को नई दिशा और नई ऊर्जा मिली है।’
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा गया, ‘आपकी अगुवाई में गरीब, किसान, महिलाएं और युवा मुख्यधारा के विकास के केंद्र में आ गए हैं।’`
सैनी ने लिखा कि डिजिटल प्रौद्योगिकी के ज़रिए ज़रूरतमंद लोगों तक सीधे योजनाओं का फ़ायदा पहुंचाने से सुशासन की ऐसी छाप बनी है, जिसे हमारी आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी।
सैनी ने हरियाणा के प्रति प्रधानमंत्री के ‘खास लगाव’ का भी ज़िक्र किया और बताया कि प्रधानमंत्री के तौर पर वह 17 बार राज्य का दौरा कर चुके हैं।
उन्होंने कहा, ‘आपको (प्रधानमंत्री को) याद होगा कि आपने 2014 के लोकसभा चुनावों के लिए अपना प्रचार 15 सितंबर, 2013 को रेवाड़ी में देश के पूर्व सैनिकों की रैली के साथ शुरू किया था।’
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले बारह वर्षों में राज्य को कई बड़ी परियोजनाएं दी हैं।
भाषा तान्या वैभव
वैभव