नगालैंड में ‘जन भागीदारी अभियान’ शुरू किया गया

Ads

नगालैंड में 'जन भागीदारी अभियान' शुरू किया गया

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 05:41 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 05:41 PM IST

कोहिमा, 22 मई (भाषा) केंद्र का ‘जन भागीदारी अभियान- सबसे दूर, सबसे पहले’ शुक्रवार को नगालैंड में शुरू किया गया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।

‘जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले’ एक राष्ट्रव्यापी सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) अभियान है।

इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी कल्याणकारी योजनाएं और आवश्यक सेवाएं सबसे दूरस्थ क्षेत्रों और वंचित समुदायों तक पहुंचें। यह अभियान कोहिमा जिले में शुरू किया गया।

उपायुक्त बी हेनोक बुचेम ने कहा कि यह पहल समावेशी शासन और सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

‘सबसे दूर, सबसे पहले’ अभियान के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सुदूर क्षेत्रों में रहने वाले समुदायों को शासन और सार्वजनिक सेवा वितरण में सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि नगालैंड की भौगोलिक स्थिति और सामाजिक-सांस्कृतिक विविधता शासन और सेवा वितरण में चुनौतियां पेश करती हैं और इसलिए, यह अभियान सरकारी सेवाओं को सीधे जमीनी स्तर तक पहुंचाकर प्रशासन और लोगों के बीच संबंध को मजबूत करने का प्रयास करता है ताकि कोई भी नागरिक पीछे न छूट जाए।

जनभागीदारी के महत्व पर जोर देते हुए, बुचेम ने कहा कि विकास तभी सार्थक होता है जब नागरिक सक्रिय हितधारक बनते हैं।

उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल योजनाओं के कार्यान्वयन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसमें भरोसा कायम करना, जनता की शिकायतों को सुनना और सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना भी शामिल है।

भाषा

देवेंद्र मनीषा

मनीषा