रांची, 16 मई (भाषा) झारखंड के रांची जिले में मेडिकल छात्र का शव शनिवार को छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान अक्षत कुमार (21) के रूप में हुई है, जो सिमडेगा जिले का निवासी था और वह यहां राजेंद्र चिकित्सा विज्ञान संस्थान (रिम्स) में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था।
बरियातु पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी मनोज कुमार ने कहा, ‘‘सूचना मिलते ही हम मौके पर पहुंचे। अक्षत के छात्रावास के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। हमने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। उसका शव छत के पंखे की मदद से बनाए गए फंदे से लटका हुआ मिला।’’
उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि मेडिकल छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या की है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृत्यु का सटीक कारण शव के पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘ छात्रावास के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।’’
अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया कि अक्षत कुमार एमबीबीएस के द्वितीय वर्ष का छात्र था।
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश