मुंबई में ‘अर्थशॉट प्राइज अवार्ड्स नाइट’ की मेजबानी करेंगे करण जौहर

Ads

मुंबई में 'अर्थशॉट प्राइज अवार्ड्स नाइट' की मेजबानी करेंगे करण जौहर

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 09:05 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 09:05 PM IST

नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) फिल्मकार करण जौहर इस साल नवंबर में मुंबई में आयोजित होने वाले ‘द अर्थशॉट प्राइज अवार्ड्स नाइट’ की मेजबानी करने वाले पहले भारतीय होंगे।

यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब इस वैश्विक पर्यावरण पुरस्कार कार्यक्रम के भारत में पहले संस्करण के आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। यह समारोह 17 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।

प्रिंस विलियम द्वारा स्थापित ‘द अर्थशॉट प्राइज’ उन समाधानों को बढ़ावा देता है, जिनका उद्देश्य धरती की रक्षा करना और पर्यावरण को पहुंचे नुकसान को ठीक करके उसे उसकी मूल स्थिति में वापस लाना है। भारत पहले भी इस पुरस्कार में योगदान दे चुका है और कई भारतीय नवाचार इसके विजेताओं तथा अंतिम चरण में पहुंचने वाले दावेदारों में शामिल रहे हैं।

‘कुछ कुछ होता है’, ‘कभी खुशी कभी गम’ और ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ जैसी फिल्मों का निर्देशन करने वाले जौहर ने एक बयान में कहा, ”द अर्थशॉट प्राइज अवार्ड्स नाइट’ की मेजबानी करने वाला पहला भारतीय बनना मेरे लिए अत्यंत गर्व का क्षण है और मुंबई में ऐसा करना इसे और भी खास बनाता है।’

यह कार्यक्रम 17 नवंबर को ‘अवार्ड्स नाइट’ के साथ समाप्त होगा, जहां अंतिम चरण में पहुंचने वाले पुरस्कार के 15 दावेदारों को सम्मानित किया जाएगा और 2026 के पांच विजेताओं की घोषणा की जाएगी।

प्रत्येक विजेता को अपने समाधान का दायरा बढ़ाने और उसके प्रभाव को और अधिक व्यापक बनाने में मदद के लिए 10 लाख पाउंड की पुरस्कार राशि मिलेगी।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप

ताजा खबर