कर्नाटक : चिक्कमगलुरु में लापता कक्षा 10 की छात्रा का शव मिला
कर्नाटक : चिक्कमगलुरु में लापता कक्षा 10 की छात्रा का शव मिला
चिक्कमगलुरु, 10 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के चिक्कमगलुरु जिले में चंद्रद्रोण पर्वत श्रृंखला स्थित मणिक्यधारा जलप्रपात के पास परिवार के साथ घूमने आई केरल की 10वीं कक्षा की एक छात्रा का शव तीन दिन बाद शुक्रवार को बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मृतका की पहचान कुमारी श्रीनंदा के रूप में हुई है, जो मंगलवार शाम से लापता थी। वह चंद्रद्रोण पहाड़ियों में ‘ट्रेकिंग’ के दौरान अपने परिवार से बिछड़ गई थी।
चिक्कमगलुरु के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार दयामा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “लड़की का शव मिल गया है और उसके पहने हुए कपड़े सुरक्षित हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।”
पुलिस के अनुसार श्रीनंदा लगभग 40 रिश्तेदारों के समूह के साथ केरल के पालक्कड़ से यहां आई थी। मंगलवार को शाम करीब 5:30 बजे वह जलप्रपात के पास परिवार के साथ थी, तभी अचानक लापता हो गई। परिवार ने रात करीब आठ बजे तक उसकी तलाश की, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमों ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। छात्रा की तलाश के लिए थर्मल ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया, वहीं आपदा प्रबंधन दल भी अभियान में शामिल हुए।
इसी बीच, हाल ही में कोडागु जिले में एक अलग घटना में केरल की 36 वर्षीय महिला ताडियांडामोल पहाड़ियों में ट्रेकिंग के दौरान लापता हो गई थी, जिसे बाद में सुरक्षित खोजकर उसके परिवार से मिलाया गया।
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश

Facebook


