कर्नाटक: कार में हुए विस्फोट में व्यक्ति की झुलसकर मौत, पुलिस को विस्फोटक के इस्तेमाल का संदेह

Ads

कर्नाटक: कार में हुए विस्फोट में व्यक्ति की झुलसकर मौत, पुलिस को विस्फोटक के इस्तेमाल का संदेह

  •  
  • Publish Date - June 27, 2026 / 06:37 PM IST,
    Updated On - June 27, 2026 / 06:37 PM IST

तुमकुरु, 27 जून (भाषा) कर्नाटक के तुमकुरु जिले में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक जलती हुई कार के अंदर एक व्यक्ति की बुरी तरह झुलसने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है और मृतक की पहचान नागेंद्र (30) के रूप में हुई है।

अधिकारियों को संदेह है कि सीरा तालुका के कल्लंबेला के पास कार में आग लगाने के लिए देसी बम का इस्तेमाल किया गया हो सकता है।

पुलिस ने बताया कि घटना से पहले नागेंद्र ने कार के अंदर एक महिला के सिर पर चाकू से हमला किया था, जो किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रही।

अधिकारियों के अनुसार, महिला को बचाने के लिए कार चालक भी वाहन से बाहर कूद गया और उसी दौरान कार के अंदर विस्फोट हुआ, जिसके बाद वाहन देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गया।

पुलिस के मुताबिक, नागेंद्र ने बेंगलुरु के जयनगर के निकट स्थित सिद्धापुरा से एक कार बुक की थी।

अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि नागेंद्र ने युवती को जबरन कार में बैठा लिया था।

पुलिस के मुताबिक, दोपहर के समय कल्लंबेला थाने के निकट यह घटना हुई।

तुमकुरु जिले के पुलिस अधीक्षक अशोक के. वी. ने संवाददाताओं को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि राजमार्ग के किनारे खड़ा एक वाहन आग की चपेट में आ गया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पाया कि वाहन का चालक व रम्या नाम की एक महिला वाहन के बाहर खड़े थे जबकि कार आग की लपटों में घिरी हुई थी।

घटनाक्रम की जानकारी जुटाने पर पुलिस को पता चला कि कार के अंदर विस्फोट हुआ और वाहन के भीतर एक शव था।

अशोक ने कहा, “चालक और महिला ने हमें बताया कि कार के अंदर मौजूद व्यक्ति ने किसी विस्फोटक का इस्तेमाल किया था, जिसके कारण यह विस्फोट हुआ।”

उन्होंने कहा, “हमें मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नागेंद्र नाम के व्यक्ति ने बेंगलुरु के जयनगर क्षेत्र स्थित सिद्धापुरा थाना क्षेत्र से रम्या का कथित तौर पर अपहरण कर लिया था। इसी जानकारी के आधार पर हमने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर ली है।”

अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि विस्फोट कैसे हुआ और इसके पीछे क्या कारण थे।

भाषा जितेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल