कर्नाटक: सरकारी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में मामूली आग लगी, कोई हताहत नहीं

Ads

कर्नाटक: सरकारी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में मामूली आग लगी, कोई हताहत नहीं

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 06:12 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 06:12 PM IST

दावणगेरे (कर्नाटक), 30 जून (भाषा) दावणगेरे के चिगतेरी जिला सरकारी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में मंगलवार को मामूली आग लग गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुई। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने बताया कि दमकल और आपातकालीन सेवा के कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया।

पुलिस के अनुसार, अस्पताल के कर्मचारी ऑपरेशन थिएटर के अंदर सर्जरी की तैयारी कर रहे थे, तभी एक चिंगारी के बाद धुआं निकलने लगा और मामूली आग लग गई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर उस मंजिल पर मौजूद मरीजों और उनके तीमारदारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस ने कहा कि आग के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या यह ऑपरेशन थिएटर के किसी उपकरण से जुड़ी थी।

इस घटना के बाद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री यू टी खादर ने मामले को गंभीरता से लिया और कारण का पता लगाने के लिए राज्य स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की।

मंत्री ने व्यापक पड़ताल के लिए उच्चस्तरीय जांच दल का गठन करने का निर्देश दिया है।

स्वास्थ्य विभाग ने एक बयान में कहा कि उपायुक्त के नेतृत्व में स्थानीय स्तर पर एक अलग जांच की जाएगी और दोनों जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग निष्कर्षों की समीक्षा करेगा तथा नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई करेगा।

भाषा सुमित अविनाश

अविनाश

शीर्ष 5 समाचार