कर्नाटक ‘एपिस सेराना’ मधुमक्खी को राज्य कीट और मालाबार वृक्ष मेंढक को राज्य उभयचर घोषित करेगा

Ads

कर्नाटक ‘एपिस सेराना’ मधुमक्खी को राज्य कीट और मालाबार वृक्ष मेंढक को राज्य उभयचर घोषित करेगा

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 09:01 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 09:01 PM IST

बेंगलुरु, 22 मई (भाषा) कर्नाटक के मंत्री ईश्वर खंड्रे ने शुक्रवार को कहा कि मधुमक्खी ‘एपिस सेराना’ को राज्य कीट और मालाबार वृक्ष मेंढक को राज्य उभयचर के रूप में आधिकारिक तौर पर नामित करने की प्रक्रिया जारी है।

जैव विविधता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि कई देश जैव विविधता संरक्षण के महत्व पर जोर देने के लिए पक्षियों, पशुओं और पेड़ों जैसे राष्ट्रीय प्रतीकों की घोषणा करते हैं।

उन्होंने कहा कि कर्नाटक सरकार ने भी चंदन को राज्य वृक्ष, हाथी को राज्य पशु और नीलकंठ को राज्य पक्षी घोषित किया है। इसके अलावा, पीले और काले पंखों वाली एक बड़ी तितली ‘ट्रोइड्स मिनोस’ को राज्य तितली घोषित किया गया है।

वन, पारिस्थितिकी और पर्यावरण मंत्री ने कहा, ‘‘एपिस सेराना को राज्य कीट और मालाबार वृक्ष मेंढक को राज्य उभयचर के रूप में आधिकारिक तौर पर नामित करने की प्रक्रिया जारी है।’’

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश