केजरीवाल ने त्वरित अदालत गठित करने की प्रधानमंत्री की घोषणा को ‘खोखला’ करार दिया
केजरीवाल ने त्वरित अदालत गठित करने की प्रधानमंत्री की घोषणा को ‘खोखला’ करार दिया
नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रश्नपत्र लीक मामलों के आरोपियों को सजा देने के लिए त्वरित अदालतें गठित करने की केंद्र सरकार की घोषणा पर शुक्रवार को निशाना साधते हुए इसे ‘‘खोखला आश्वासन’’ करार दिया।
उनकी यह टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से बृहस्पतिवार को की गई घोषणा के बाद आई है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि अगले सप्ताह संसद में एक विधेयक पेश किया जाएगा जिसमें प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई के प्रावधान होंगे और उन्होंने त्वरित अदालतें गठित करने के निर्देश दिए हैं।
केजरीवाल ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘कल रात को 12 बजे प्रधानमंत्री जी ने ऐलान किया कि प्रश्नपत्र लीक के लिए सोमवार को संसद में त्वरित अदालतें बनाने के लिए कानून लाया जाएगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी का दिया आश्वासन कितना खोखला है, ये कल खुद ही साबित हो गया। ’’
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘2024 नीट प्रश्नपत्र लीक के मुख्य साजिशकर्ता को कल सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) ने अदालत में निर्दोष घोषित कर दिया। अगर ऐसी ही जांच करनी है, अगर आपको सुबूत ही नहीं पेश करने, तो त्वरित अदालतों का नाटक क्यों? ’’
उन्होंने यह भी कहा कि यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) और दुष्कर्म के मामलों के लिए कई अन्य त्वरित अदालतें हैं, लेकिन फिर भी न्याय मिलने में सालों लग जाते हैं।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘यदि आप और आपकी सीबीआई अदालतों में सबूत पेश नहीं करते हैं, तो त्वरित अदालतों का क्या औचित्य है? आपकी नीयत में ही खोट है।’’
आम आदमी पार्टी ने परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन को अपना पूर्ण समर्थन दिया है।
भाशा खारी वैभव
वैभव

Facebook


