केरल चुनाव: मतगणना समाप्ति के करीब, मंत्री गणेश कुमार पहली बार हार के कगार पर
केरल चुनाव: मतगणना समाप्ति के करीब, मंत्री गणेश कुमार पहली बार हार के कगार पर
कोल्लम (केरल), चार मई (भाषा) केरल के परिवहन मंत्री और अभिनेता के. बी. गणेश कुमार विधानसभा चुनाव में पथनापुरम निर्वाचन क्षेत्र में हार के कगार पर पहुंच गए हैं। यह जानकारी निर्वाचन आयोग से मिली है।
प्रदेश की राजनीति में करीब 25 साल से अजेय रहे केरल कांग्रेस (बी) प्रमुख गणेश कुमार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस उम्मीदवार ज्योतिकुमार चमक्कला से पांच हजार से अधिक मतों से पीछे चल रहे हैं। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में कुमार ने चमक्कला को लगभग 15,000 मतों से हराया था।
पिछले पांच वर्षों के दौरान चमक्कला क्षेत्र में लगातार सक्रिय बने रहे जिससे उन्हें मौजूदा चुनाव में उल्लेखनीय बढ़त बनाने में मदद मिली।
केरल कांग्रेस (बी) पार्टी के संस्थापक आर. बालकृष्ण पिल्लै के निधन के बाद 2021 के चुनाव से पहले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) में शामिल हो गई थी। इससे पहले पार्टी परंपरागत रूप से संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) का हिस्सा रही थी। इस बदलाव में पिल्लै के पुत्र गणेश कुमार ने अहम भूमिका निभायी थी।
चुनाव प्रचार के दौरान उस समय विवाद पैदा हो गया जब कांग्रेस नेताओं ने एक यौन उत्पीड़न मामले में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी को बदनाम करने में कथित भूमिका को लेकर कुमार पर निशाना साधा था। हालांकि, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो उस मामले को बंद कर चुका है।
गणेश कुमार ने चुनाव प्रचार के दौरान विश्वास जताया था कि वह रिकॉर्ड मतों के अंतर से अपनी सीट बरकरार रखेंगे।
इस चुनाव में प्रमुख मुकाबला सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा के बीच था। वहीं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को भले ही सत्ता का प्रमुख दावेदार नहीं माना जा रहा था, लेकिन वह राज्य में अपनी उपस्थिति और मत प्रतिशत बढ़ाने की उम्मीद कर रहा है।
भाषा रंजन अविनाश
अविनाश

Facebook


