केरल: भाजपा उम्मीदवार जॉर्ज को बड़े अंतर से जीत की उम्मीद, एक करोड़ रुपये की शर्त लगाई
केरल: भाजपा उम्मीदवार जॉर्ज को बड़े अंतर से जीत की उम्मीद, एक करोड़ रुपये की शर्त लगाई
कोट्टयम, तीन मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केरल विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार पी.सी. जॉर्ज ने रविवार को कहा कि वह पूंजार सीट से अपनी शानदार जीत को लेकर आश्वस्त हैं और एक करोड़ रुपये की शर्त लगाने को तैयार हैं।
उन्होंने एक टीवी चैनल से कहा, ‘मैं बड़े अंतर से जीतूंगा। अगर किसी को कोई संदेह है, तो वह एक करोड़ रुपये की शर्त लगा सकते हैं।’
जॉर्ज ने पड़ोसी पाला निर्वाचन क्षेत्र में अपने बेटे शोन जॉर्ज की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि अगली विधानसभा में दोनों एक साथ सदन में प्रवेश करेंगे।
उन्होंने दावा किया कि राजीव चंद्रशेखर के नेतृत्व में भाजपा केरल में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करेगी और किसी भी पार्टी को चुनाव में पूर्ण बहुमत नहीं मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सबसे ज्यादा सीट जीतेगा जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) का प्रदर्शन कुछ खास खराब नहीं रहेगा।
उन्होंने अनुमान जताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राज्य में लगभग 11 सीट जीतेगा।
केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान नौ अप्रैल को हुआ था। परिणाम सोमवार को घोषित होंगे।
भाषा तान्या जोहेब
जोहेब

Facebook


