केरलम: मुख्यमंत्री सतीशन ने पत्रकार के परिवार को निशाना बनाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी

Ads

केरलम: मुख्यमंत्री सतीशन ने पत्रकार के परिवार को निशाना बनाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 03:05 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 03:05 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 11 सितंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने शुक्रवार को दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार जिजो जॉन पुथेजाथ के परिवार को सोशल मीडिया पर कथित रूप से निशाना बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

पुथेजाथ (54) मलयालम दैनिक ‘मलयाला मनोरमा’ में विशेष संवाददाता थे और खोजी खबरों के लिए जाने जाते थे।

बुधवार को कोच्चि के एक अस्पताल में बीमारी के बाद उनका निधन हो गया था।

पुथेजाथ के निधन के तुरंत बाद सोशल मीडिया मंचों पर उनकी कुछ पुरानी खबरों को लेकर उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गयी थीं।

इसके बाद एर्नाकुलम प्रेस क्लब की जिला समिति ने राज्य के गृह मंत्री, पुलिस महानिदेशक और कोच्चि शहर के पुलिस आयुक्त को शिकायत दी।

समिति ने ऐसे सोशल मीडिया खातों और पोस्ट करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

सतीशन ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में कहा कि पुथेजाथ की अचानक मौत के बाद उनके और उनके परिवार को निशाना बनाकर सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट ‘बेहद पीड़ादायक’ हैं।

उन्होंने कहा कि किसी मृत पत्रकार या किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सोशल मीडिया के माध्यम से संगठित तरीके से नफरत और झूठ फैलाना केरलम की उच्च सामाजिक संस्कृति पर एक धब्बा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “पहचान के साथ या बिना पहचान वाले खातों के जरिए नफरत फैलाने वाले लोगों को खुद से पूछना चाहिए कि वे किस तरह की मानवता एवं मानवीय मूल्यों के पक्षधर हैं।”

उन्होंने कहा कि अगर ये आपत्तिजनक पोस्ट पुथेजाथ की ओर से अतीत में प्रकाशित खोजी खबरों को लेकर राजनीतिक दुश्मनी से प्रेरित हैं तो यह गंभीर मामला है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “किसी पत्रकार को अपना कर्तव्य निभाने के लिए अपमानित करना और राजनीतिक दुश्मनी के कारण उसकी मौत के बाद भी उसे निशाना बनाना लोकतांत्रिक समाज के अनुरूप नहीं है।”

सतीशन ने कहा कि एर्नाकुलम प्रेस क्लब और पुथेजाथ के मित्रों की ओर से दी गई शिकायतों के आधार पर सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता से देखेगी।

उन्होंने कहा, “दोषियों के खिलाफ बिना किसी समझौते के कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी के खिलाफ इस तरह के घृणित और क्रूर साइबर हमलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश