कोट्टायम (केरल), 25 जनवरी (भाषा) कोट्टायम जिले के चंगनाशेरी स्थित एक अस्पताल के कर्मी को कथित तौर पर नन को अश्लील वीडियो भेजने और यौन संबंध के लिए दबाव बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान बाबू थॉमस (45) के रूप में हुई है, जो पोनकुन्नम का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, थॉमस एक चर्च द्वारा संचालित अस्पताल में मानव संसाधन प्रबंधक के रूप में कार्यरत था और नन उसकी सहकर्मी थी।
थॉमस पर आरोप है कि उसने नन को अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो भेजी और उसपर यौन संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था।
पुलिस ने बताया कि नन ने पहले अस्पताल के अधिकारियों से शिकायत की, जिसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई और थॉमस को बर्खास्त कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और शनिवार को उसे हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने थॉमस की गिरफ्तारी दर्ज करने के बाद उसे अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ है कि थॉमस ने अस्पताल की अन्य महिला कर्मचारियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया था।
उसने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन की जांच से खुलासा हुआ है कि उसने कई अन्य महिला कर्मचारियों को भी अश्लील संदेश और वीडियो भेजे थे।
पुलिस ने बताया कि जांच के तहत अन्य कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
भाषा
राखी धीरज
धीरज