केरल: घरेलू हिंसा मामले में आरोपी को देश से भागने में मदद करने पर पुलिस अधिकारी निलंबित

केरल: घरेलू हिंसा मामले में आरोपी को देश से भागने में मदद करने पर पुलिस अधिकारी निलंबित

केरल: घरेलू हिंसा मामले में आरोपी को देश से भागने में मदद करने पर पुलिस अधिकारी निलंबित
Modified Date: May 19, 2024 / 03:37 pm IST
Published Date: May 19, 2024 3:37 pm IST

कोझिकोड (केरल), 19 मई (भाषा) केरल पुलिस के एक अधिकारी को घरेलू हिंसा मामले के एक आरोपी को देश छोड़ने में मदद करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि कोझिकोड शहर के पंथिरनकावु थाने के एक वरिष्ठ नागरिक पुलिस अधिकारी (सीपीओ) को आंतरिक जांच में यह आरोप सामने आने के बाद निलंबित कर दिया गया है कि वह राहुल पी गोपाल के साथ नियमित संपर्क में थे। गोपाल पर अपनी नवविवाहित पत्नी पर हमला करके हत्या का प्रयास करने का आरोप है।

मामले की जांच जारी रहने के बीच गोपाल ने कुछ दिन पहले देश छोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस को उसके खिलाफ ‘ब्लू कॉर्नर’ नोटिस जारी करने के लिए इंटरपोल से संपर्क करना पड़ा।

इससे पहले, पंथिरनकावु थाना के प्रभारी को जांच में कथित खामियों के लिए निलंबित कर दिया गया था। महिला ने आरोप लगाया कि पंथिरनकावु में पुलिस ने उसकी शिकायत के बावजूद हत्या के प्रयास का मामला दर्ज नहीं किया, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया था कि उसके पति ने मोबाइल फोन चार्जिंग केबल का इस्तेमाल करके उसका गला घोंटने की कोशिश की थी। पंथिरनकावु में महिला की ससुराल है।

महिला के परिवार ने आरोप लगाया कि पांच मई को उसकी शादी के बमुश्किल एक हफ्ते बाद दहेज को लेकर बहस के बाद गोपाल ने उस पर बेरहमी से हमला करके उसकी हत्या करने का प्रयास किया। महिला के ससुराल वालों ने दहेज मांगने के आरोप से इनकार किया है।

भाषा आशीष संतोष

संतोष


लेखक के बारे में