केरल: लापता मां-बेटे की तलाश के दौरान घर के परिसर से मिले दो शव
केरल: लापता मां-बेटे की तलाश के दौरान घर के परिसर से मिले दो शव
इडुक्की (केरल), 27 अप्रैल (भाषा) पुलिस ने इडुक्की जिले के नेदुमकंदम में एक घर के परिसर में दबे हुए दो शव बरामद किए हैं। पुलिस वहां रह रही एक लापता महिला और उसके बेटे की तलाश में तलाशी अभियान चला रही थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, नेदुमकंदम के कलकुंथल गांव स्थित थूतुवाकाडा निवासी 70 वर्षीय मैरीकुट्टी और उसके बेटे 48 वर्षीय रेजी की तलाश के दौरान पुलिस ने शव बरामद किये। अधिकारियों ने बताया कि दोनों के लापता होने का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, मैरीकुट्टी की बेटी सिनी द्वारा रविवार को दोनों के लापता होने की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था।
हालांकि, रविवार से मैरीकुट्टी का दूसरा बेटा साजी भी लापता है।
प्राथमिकी के मुताबिक, मैरीकुट्टी और रेजी दो अप्रैल से नहीं दिखे थे।
अधिकारियों ने बताया कि साजी ने रिश्तेदारों को बताया था कि मैरीकुट्टी और रेजी दो अप्रैल को घर से चले गए थे और वापस नहीं लौटे।
जांच के दौरान, पुलिस ने सोमवार सुबह घर के परिसर की तलाशी ली और वहां हाल ही में खोदे गए एक गड्ढे में मानव शरीर के अंग मिले।
पुलिस ने दोपहर में, फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में, घर के पास एक गड्ढे में दफन दो शव बाहर निकाले।
पुलिस के मुताबिक, शव सड़ी-गली अवस्था में थे और संदेह है कि वे एक पुरुष और एक महिला के हैं।
उसके अनुसार, मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए शवों को शव-परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
शव लापता मां-बेटे के ही हैं या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए डीएनए विश्लेषण भी किया जाएगा।
घर का दौरा करने वाले जिला पुलिस प्रमुख के.एम. साबू मैथ्यू ने पत्रकारों को बताया कि साजी रविवार से लापता है।
उन्होंने बताया, ‘हमें परिवार में झगड़े की जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर हमने घर की जांच की, तो संदिग्ध परिस्थितियां सामने आयीं। हमें संदेह है कि उनकी हत्या की गई है।’
जांच को तेज करते हुए, पुलिस ने साजी का पता लगाने के लिए उसकी तस्वीर भी जारी की है।
भाषा दिलीप
दिलीप

Facebook


