नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि अरुणाचल प्रदेश में वो सभी फाइलें मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नियंत्रण में हैं, जो उच्चतम न्यायालय द्वारा आदेशित सीबीआई जांच के लिए जरूरी हैं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि खांडू के मामले में भाजपा ने सभी सिद्धांतों और मानदंडों को त्याग दिया है और यह उच्चतम न्यायालय का ‘अपमान’ है।
उच्चतम न्यायालय ने छह अप्रैल को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को निर्देश दिया था कि अरुणाचल प्रदेश में सार्वजनिक कार्यों के ठेके मुख्यमंत्री पेमा खांडू के परिजन के स्वामित्व वाली कथित कंपनियों को दिए जाने के मामले में वह दो सप्ताह में शुरुआती जांच करे।
न्यायमूर्ति विक्रम नाथ की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा था कि राज्य में एक जनवरी 2015 से 31 दिसंबर 2025 तक सार्वजनिक कार्यों, ठेकों और कार्य आदेशों के आवंटन और उनके क्रियान्वयन की जांच की जाए।
रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘भाजपा ने स्पष्ट रूप से अरुणाचल प्रदेश में इसे उजागर करने का फैसला किया है, भले ही उच्चतम न्यायालय ने वहां के मुख्यमंत्री के फैसले पर सीबीआई जांच का आदेश दिया हो। मुख्यमंत्री अभी भी लोक निर्माण मंत्री हैं और इसलिए उन सभी फाइलों पर उनका नियंत्रण है जो जरूरी तौर पर सीबीआई जांच का हिस्सा हैं। सभी सिद्धांतों और मानदंडों को त्याग दिया गया है।’
कांग्रेस ने पिछले महीने आरोप लगाया था कि खांडू का अब तक पद पर बने रहना शीर्ष अदालत के फैसले का घोर मजाक है।
भाषा हक रंजन
रंजन