खरगे ने कर्नाटक में नेतृत्व संबंधी अटकलों पर विराम लगा दिया है: मंत्री परमेश्वर

Ads

खरगे ने कर्नाटक में नेतृत्व संबंधी अटकलों पर विराम लगा दिया है: मंत्री परमेश्वर

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 02:55 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 02:55 PM IST

बेंगलुरु, एक मई (भाषा) कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्य में नेतृत्व परिवर्तन के मुद्दे पर ‘पूर्ण विराम’ लगा दिया है।

उन्होंने कहा कि खरगे का बयान बहुत महत्वपूर्ण है और फिलहाल यह मामला यहीं समाप्त होता है।

परमेश्वर ने कहा कि पार्टी में सभी को इस फैसले का सम्मान करना चाहिए और इसे स्वीकार करना चाहिए।

खरगे ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा था कि कर्नाटक में ‘फिलहाल’ मुख्यमंत्री नहीं बदला जाएगा और राज्य में नेतृत्व का मुद्दा जल्द ही सुलझ जाएगा। इसके बाद परमेश्वर ने यह टिप्पणी की।

खरगे का यह बयान पार्टी और राजनीतिक हलकों में चल रही अटकलों के बीच आया कि चार मई के बाद नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल में फेरबदल पर कोई फैसला लिया जा सकता है।

चार मई को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजे और कर्नाटक की दो विधानसभा सीट पर उपचुनाव के नतीजे घोषित किये जाएंगे।

परमेश्वर ने कहा, “मल्लिकार्जुन खरगे हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनके पास बहुत अनुभव है। कई लोगों ने कहा है कि नेतृत्व परिवर्तन की स्थिति में अगर खरगे मुख्यमंत्री बनते हैं, तो उनके अनुभव के आगे कोई नहीं ठहरता और सभी इसे स्वीकार करेंगे। खरगे कह चुके हैं कि अभी एक मुख्यमंत्री हैं और फिलहाल बदलाव का कोई सवाल ही नहीं उठता।”

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश