कोलकाता पुलिस ने धर्मतला में 60 दिनों के लिए निषेधाज्ञा लागू की

Ads

कोलकाता पुलिस ने धर्मतला में 60 दिनों के लिए निषेधाज्ञा लागू की

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 07:12 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 07:12 PM IST

कोलकाता, 30 जून (भाषा) कोलकाता पुलिस ने मंगलवार को धर्मतला इलाके में 60 दिनों के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी। इस इलाके में तृणमूल कांग्रेस की सालाना ’21 जुलाई शहीद दिवस’ रैली का पारंपरिक आयोजन स्थल भी शामिल है।

पुलिस ने यह कदम संभावित हिंसक प्रदर्शनों की खुफिया जानकारी मिलने के बाद उठाया है, जिनसे कानून-व्यवस्था और यातायात में बाधा आ सकती है।

कोलकाता के पुलिस आयुक्त अजय कुमार नंद ने कार्यकारी मजिस्ट्रेट के तौर पर मंगलवार को यह आदेश जारी किया। यह आदेश दो जुलाई से 30 अगस्त तक या अगली सूचना तक लागू रहेगा।

इसके अनुसार, ये पाबंदियां बहुबाजार थाने, हेयर स्ट्रीट थाने और मुख्यालय यातायात गार्ड के अधिकार क्षेत्र में आने वाले इलाकों पर लागू होंगी। ये इलाके केसी दास क्रॉसिंग से विक्टोरिया हाउस और उसके आस-पास के क्षेत्रों तक फैले हैं, लेकिन इनमें बेंटिंक मार्ग शामिल नहीं है।

पारंपरिक रूप से तृणमूल की ‘शहीद दिवस’ रैली विक्टोरिया हाउस के सामने वाली जगह पर होती रही है। यह पार्टी के सबसे बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों में से एक है, जिसमें पूरे पश्चिम बंगाल से समर्थक शामिल होते हैं।

इस आदेश में पांच या उससे अधिक लोगों के गैर-कानूनी रूप से एकत्र होने, रैलियों, बैठकों, जुलूसों, धरनों या प्रदर्शनों पर रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही, इस अवधि के दौरान लोगों के लाठी, जानलेवा अथवा अन्य खतरनाक हथियार साथ रखने या ऐसी किसी भी गतिविधि में शामिल होने पर पाबंदी रहेगी जिससे सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका हो।

इससे पहले दिन में, कोलकाता पुलिस आयुक्त ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के वार्षिक 21 जुलाई की रैली को इसी स्थान पर आयोजित करने के अनुरोध पर पुलिस ने अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है।

पुलिस आयुक्त ने यह भी बताया कि तृणमूल कांग्रेस के विधायक कुणाल घोष, सांसद डोला सेन और पार्टी के वरिष्ठ नेता वैश्वानर चटर्जी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन नेताओं पर 21 जुलाई के कार्यक्रम की तैयारियों से जुड़े एक स्थल निरीक्षण के दौरान कथित रूप से यातायात बाधित करने का आरोप है।

भाषा प्रचेता अविनाश

अविनाश

शीर्ष 5 समाचार