जम्मू, चार फरवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता (भाजपा) सुनील शर्मा ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की विदेश नीति की सराहना की, जबकि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर लोकसभा में अपनी टिप्पणियों के माध्यम से देश की सुरक्षा और संप्रभुता को कमजोर करने का आरोप लगाया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और 2020 में भारत-चीन संघर्ष को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कड़ी आलोचना की है। इसके चलते लोकसभा में लगातार दो दिन -सोमवार और मंगलवार- को हंगामा हुआ और सदन की कार्यवाही इस मुद्दे पर कई बार स्थगित करनी पड़ी।
शर्मा ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘भारत को विदेश नीति में सफलता मिली है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दौर में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। राहुल गांधी जब हमारे देश की विदेश नीति पर सवाल उठाते हैं तो वह बचकाने तरीके से बात करते हैं। वह देश की सुरक्षा नीति और सेना पर भी सवाल उठा रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारा दुर्भाग्य है कि नेता प्रतिपक्ष (गांधी) देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता पर सवालिया निशान लगाते हैं।’’
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के विधायक आगा सैयद मुंतजिर मेहदी ने गांधी का बचाव करते हुए कहा कि संसद में सवाल उठाना लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली का हिस्सा है और एक विपक्षी नेता की जिम्मेदारी है।
वह गांधी द्वारा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लिखे पत्र पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें नेता प्रतिपक्ष ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले पर सदन में बोलने के उनके अधिकार से उन्हें अभूतपूर्व रूप से वंचित किए जाने के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया था।
उन्होंने कहा कि संसद में गांधी द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए और उन्हें पक्षपातपूर्ण राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए।
भाषा
राजकुमार सुरेश
सुरेश