मंगलुरु (कर्नाटक), 13 जून (भाषा) भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राधा मोहन दास अग्रवाल ने पार्टी की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के अन्नामलई के पार्टी छोड़ देने को शनिवार को उनका व्यक्तिगत निर्णय बताते हुए कहा कि भाजपा अल्पकालीन राजनीतिक सोच से कहीं अधिक दीर्घकालीन राष्ट्रीय उद्देश्यों पर केंद्रित है।
अग्रवाल ने यहां पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक के दौरान पत्रकारों से कहा कि एक राष्ट्रीय पार्टी के तौर पर भाजपा इस देश के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अपनी रणनीतियां बनाती है और दीर्घकालीन योजनाओं पर काम करती है।
अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “हम अल्पकालीन राजनीति पर ज्यादा ध्यान नहीं देते। पार्टी छोड़ने का अन्नामलई का निर्णय, उनका व्यक्तिगत निर्णय है। इस चरण में, मैं यही कह सकता हूं।”
कर्नाटक प्रदेश भाजपा नेतृत्व में किसी तरह के बदलाव की संभावना पर अग्रवाल ने कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व इस राज्य में राजनीतिक घटनाक्रमों और मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष के निष्पादन एवं उपलब्धियों से पूरी तरह अवगत है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार को लेकर लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि इसका प्रभाव 2028 के विधानसभा चुनाव में दिखाई देगा।
अग्रवाल ने कहा, “लोग राज्य सरकार से तेजी से नाखुश हो रहे हैं। भाजपा इस सरकार के जन विरोधी नीतियों और विफलताओं के खिलाफ लगातार लड़ाई लड़ रही है।”
पूर्व सांसद सुमलता अंबरीश को राज्यसभा के लिए नामांकित नहीं किए जाने के मुद्दे पर अग्रवाल ने कहा कि उनका भाजपा के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बना हुआ है और भविष्य में उन्हें एक उचित भूमिका दी जाएगी।
पार्टी से निष्कासित वरिष्ठ नेताओं –बसंगौडा पाटिल यतनाल और के एस ईश्वरप्पा के पार्टी में वापस लिए जाने की संभावना पर उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व उचित समय पर इस पर निर्णय लेगा।
अग्रवाल ने कहा, “भाजपा का किसी को पार्टी से स्थायी रूप से बाहर रखने का इरादा नहीं है। भविष्य के निर्णय उनके आचरण और गतिविधियों का आकलन करने के लिए लिये जाएंगे।”
भाषा सं राजेंद्र राजकुमार
राजकुमार