नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को सरकार से सांसदों के अलग-अलग समूह बनाकर उन्हें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना पर विस्तृत जानकारी देने को कहा जिस पर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वह अध्यक्ष के आदेश का पालन करेंगे।
प्रश्नकाल में जब कृषि मंत्री चौहान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़े पूरक प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे तो बिरला ने कहा कि सरकार को सांसदों के अलग-अलग समूह बनाकर फसल बीमा योजना पर उनका विस्तृत मार्गदर्शन करना चाहिए।
चौहान ने अध्यक्ष से कहा, ‘‘मैं आपके आदेश का पालन करुंगा। यह जानकारी सांसदों को अलग-अलग समूहों में निश्चित रूप से देंगे।’’
इससे पहले पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने पहली बार फसल बीमा योजना में संशोधन किया ताकि एक किसान को भी प्राकृतिक आपदा से नुकसान होने पर उसका आकलन कर मुआवजा समय पर दिया जाए।
उन्होंने राजस्थान में फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन से संबंधित एक प्रश्न के उत्तर में कहा, ‘‘हमने राजस्थान में पिछले तीन साल में ढाई करोड़ किसानों के खाते में 9930 करोड़ रुपये डाले हैं।’’
चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अनियमितताओं को रोकने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और ‘कृषि रक्षक’ पोर्टल और अन्य माध्यमों से इस पर नजर रखी जाती है।
उन्होंने कहा कि किसान इन माध्यमों से सीधे संपर्क कर सकते हैं और सरकार किसानों की समस्याओं का निस्तारण करती है और गड़बड़ी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करती है।
भाषा वैभव हक
हक