बेंगलुरु, 19 मई (भाषा) बेंगलुरु महानगर परिवहन निगम (बीएमटीसी) के बस चालक पर घातक हथियारों से हमला करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, घटना कथित तौर पर 13 मई को हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
पुलिस के अनुसार, बीएमटीसी की एक बस बनशंकरी से बन्नेरघट्टा जा रही थी, तभी बन्नेरघट्टा मुख्य मार्ग पर गोट्टिगेरे के पास दोपहिया वाहन पर सवार तीन लोगों ने बस को रोका। वाहन के आगे निकलने के मुद्दे पर दोपहिया वाहन सवारों का बस चालक से विवाद हुआ।
आरोपियों ने कथित तौर पर बस को रोका और चालक को अपशब्द कहे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास घातक हथियार थे जिससे उन्होंने बस चालक पर हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि इस घटना के आधार पर हुलीमावू थाना पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए एक शिकायत दर्ज की है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 17 मई को तीन टीम बनाई, जिसके बाद बिलवारादहल्ली में टीपू सर्किल के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई एक रिंच और दोपहिया वाहन भी जब्त कर लिया है।
अधिकारी के अनुसार, मामले में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर घातक हथियारों से बीएमटीसी के बस चालक पर हमला करने की बात कबूल की।
पुलिस ने बताया कि 18 मई को आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने बताया कि अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
भाषा प्रचेता सुरभि
सुरभि