चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बंगाल के मुख्यमंत्री ने फाल्टा में रोड शो किया

Ads

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बंगाल के मुख्यमंत्री ने फाल्टा में रोड शो किया

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 01:37 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 01:37 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

कोलकाता, 19 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को दक्षिण 24 परगना के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में, 21 मई को होने जा रहे पुन: मतदान से पहले चुनाव प्रचार के अंतिम दिन एक रोड शो किया।

मुख्यमंत्री ने एक मंदिर में पूजा और आरती करने के बाद रोड शो शुरू किया। बड़ी संख्या में वहां जमा हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए।

इसके बाद शुभेंदु अधिकारी भाजपा उम्मीदवार देबांशु पांडा के समर्थन में रोड शो के लिए खुली गाड़ी में सवार हुए।

पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल था। सड़कों और छतों पर भाजपा के झंडे लहरा रहे थे, समर्थक नारे लगा रहे थे और जुलूस पर फूल बरसा रहे थे।

रैली में शामिल स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ‘‘तृणमूल कांग्रेस समर्थित गुंडों’’ की धमकियों के कारण पिछले 10 वर्षों में कई लोग स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाए हैं।

जुलूस निर्वाचन क्षेत्र के कई हिस्सों से गुजरा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे पुन: मतदान से पहले शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश किया।

पार्टी समर्थकों ने दावा किया कि इस महीने की शुरुआत में अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा द्वारा राज्य में सरकार बनाने के बाद जनता का उत्साह बढ़ गया है।

फाल्टा में पुन: मतदान 21 मई को होने जा रहा है । यह निर्वाचन क्षेत्र डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र में आता है, जिसका प्रतिनिधित्व टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी कर रहे हैं।

फाल्टा में पुनः मतदान ने राजनीतिक ध्यान खींचा है क्योंकि यह विधानसभा क्षेत्र डायमंड हार्बर के अंतर्गत आता है जो तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का संसदीय क्षेत्र है।

तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान या पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने चार मई से शुरू हुए चुनाव प्रचार के दौरान इस निर्वाचन क्षेत्र में कोई रैली या जनसभा आयोजित नहीं की है।

बढ़ी हुई राजनीतिक गतिविधियों और सुरक्षा इंतजामों के बीच फाल्टा में पुन: मतदान 21 मई को निर्धारित है।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा