दिल्ली के बुराड़ी में मंदिर से मूर्तियां चुराने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

Ads

दिल्ली के बुराड़ी में मंदिर से मूर्तियां चुराने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 11, 2026 / 06:57 PM IST,
    Updated On - June 11, 2026 / 06:57 PM IST

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बुराड़ी इलाके में एक मंदिर में चोरी करने के आरोप में 24 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और चोरी की गई मूर्तियां व धार्मिक वस्तुएं बरामद की हैं। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मामला तब सामने आया जब उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी में हनुमान मंदिर के एक पुजारी ने शिकायत दर्ज कराई।

उन्होंने बताया कि जब वह तीन जून को सुबह की पूजा-अर्जना के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि मूर्तियां, गदा और पूजा के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले तांबे और पीतल के बर्तन चोरी हो गए हैं।

उत्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजा बांठिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मंदिर तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में दिखा कि एक व्यक्ति ने मंदिर की दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश किया और चोरी करने के बाद भाग गया।

उन्होंने कहा, ‘टीम ने कई सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से उसकी गतिविधियों का पता लगाया और पाया कि वह स्वरूप नगर क्षेत्र की ओर एक मोटरसाइकिल से भागा। एक स्पष्ट तस्वीर हासिल की गई और इसे स्थानीय मुखबिरों को बांटा गया। ‘

डीसीपी ने बताया कि तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर, आरोपी की पहचान रोहित के रूप में हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पांच जून को उसे पुस्ता रोड के पास से तब गिरफ्तार कर लिया जब वह कथित रूप से चोरी किए गए सामान को बेचने जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि सत्यापन के दौरान, उन्हें पता चला कि उसके पास से बरामद मोटरसाइकिल भी चोरी की थी।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव