नयी दिल्ली, 10 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली में कारों का कारोबार करने वाले एक व्यक्ति से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में 30 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान रानी बाग निवासी करण ढींगरा के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक बुधवार को कारोबारी (ड्रीम टॉयज कार शोरूम) को राजौरी गार्डन स्थित उनके शोरूम में एक ‘डिलीवरी बॉय’ से वसूली का पत्र मिला।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विचित्र वीर ने कहा, ‘आरोपी ने 20 लाख रुपये की मांग की थी और भुगतान न करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी।’
पुलिस ने कहा कि शिकायतकर्ता को सात मई को भी दो फोन कॉल आए, जिसमें फोन करने वाले ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘शिकायत मिलने के बाद, हमने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें बनाईं। हमारी टीमों ने डिलीवरी बॉय की पहचान की और वह हमें उस स्थान पर ले गया, जहां से उसने पत्र लिया था। बाद में आसपास के 50 से अधिक कैमरों की जांच कर आरोपी की पहचान की गई।’
पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी करण ढींगरा को रानी बाग इलाके से पकड़ा गया है।
भाषा
योगेश माधव
माधव