जयपुर, 30 जून (भाषा) राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुखौटा पहनकर मोबाइल फोन की एक दुकान में चोरी का प्रयास करने वाले एक व्यक्ति की करतूत सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार रात करेड़ा थाना क्षेत्र में हुई। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे वाला मुखौटा पहनकर लोहे की रॉड से मोबाइल फोन की दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है। इस प्रकार के मुखौटे अक्सर राजनीतिक रैलियों में देखे जाते हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ताला तोड़ने में सफल नहीं हो सका और कई प्रयासों के बाद वहां से फरार हो गया। पूरी घटना दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
करेड़ा थाने के प्रभारी पूरणमल मीणा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि चोरी का प्रयास करने वाले संदिग्ध ने अपनी पहचान छिपाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुखौटा पहन रखा था।
उन्होंने कहा, ‘‘इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में उसका चेहरा दिखाई दे रहा है और उसकी पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।’’
थाना प्रभारी ने बताया कि यही व्यक्ति दिन के समय भी बिना मुखौटे और उन्हीं कपड़ों में इलाके में घूमता हुआ दिखाई दिया था।
उन्होंने कहा कि चोरी के प्रयास वाली दुकान से करीब 800 मीटर दूर स्थित मोबाइल फोन की एक अन्य दुकान में भी उसी रात चोरी हुई थी।
पुलिस हालांकि अभी यह पुष्टि नहीं कर सकी है कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाला व्यक्ति उस चोरी की घटना में भी शामिल था या नहीं।
मीणा ने कहा, ‘‘जिस दुकान में चोरी हुई, वहां सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। इसलिए अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उस घटना में भी यही व्यक्ति शामिल था या नहीं।’’
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध की पहचान कर उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत