मणिपुर: दो उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और गोला-बारूद बरामद

Ads

मणिपुर: दो उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और गोला-बारूद बरामद

  •  
  • Publish Date - October 13, 2025 / 09:09 AM IST,
    Updated On - October 13, 2025 / 09:09 AM IST

इंफाल, 13 अक्टूबर (भाषा) सुरक्षा बलों ने मणिपुर के इंफाल ईस्ट और वेस्ट जिलों से अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

बिष्णुपुर जिले में अलग-अलग अभियानों में कम से कम 12 आग्नेयास्त्र भी जब्त किए गए। ये गिरफ्तारियां और बरामदगी रविवार को की गईं।

पुलिस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीएससी) के एक सक्रिय कार्यकर्ता को इंफाल वेस्ट जिले के लामशांग हाओरंग सबल स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया। उसकी पहचान कोंथौजम विकास मेइती (22) के रूप में हुई है।

बयान के अनुसार प्रतिबंधित संगठन कांगलेई यावोल कन्ना लूप के एक सक्रिय कार्यकर्ता को इंफाल ईस्ट जिले के उचोन अवाग लेइकाई से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान नोंगमाईथेम श्यामकुमार मेइती (39) के रूप में हुई है।

सुरक्षा बलों ने रविवार को बिष्णुपुर जिले में कई जगहों से हथियार भी जब्त किए।

सुरक्षा बलों ने एक इंसास राइफल और मैगजीन, पांच बोल्ट-एक्शन राइफल, एक एके-47 राइफल और मैगजीन, एक एमपी-9 और मैगजीन, दो डीबीबीएल बंदूकें, .32 बोर की दो पिस्तौल और एक मैगजीन तथा 15 कारतूस जब्त किए।

भाषा शोभना सुरभि

सुरभि