जयपुर, पांच मई (भाषा) राजस्थान के कई हिस्सों में मंगलवार को गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश हुई, जिसके साथ तेज हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
मौसम केंद्र के अनुसार मंगलवार सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक विभिन्न स्थानों पर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बताया कि भीलवाड़ा में 32 मिमी, चूरू में 24.2 मिमी, कोटा और फतेहपुर में 11.6 मिमी, पाली में 11 मिमी, श्रीगंगानगर में 7.4 मिमी तथा सीकर और चित्तौड़गढ़ में 7 मिमी वर्षा हुई।
विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में जयपुर जिले के शाहपुरा में सर्वाधिक 68 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण राज्यभर में अधिकतम तापमान में गिरावट आई है।
मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, इसके बाद फलौदी में 41 डिग्री सेल्सियस रहा।
विभाग ने बताया कि राज्य के अधिकांश शहरों में मंगलवार को अधिकतम तापमान 28 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। यह तापमान सामान्य से 1 से 6 डिग्री कम रहा।
राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री दर्ज किया गया।
भाषा बाकोलिया रंजन
रंजन